हाटा। स्थानीय कस्बे में फोरलेन पर बृहस्पतिवार की सुबह एक ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। हादसे में बुजुर्ग के शरीर के कई अंग कट कर अलग हो गए। साइकिल सवार को कुचलने के बाद ट्रक सड़क के बगल में खड़े क्रेन से टकराकर उसमे फंस गया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक और क्रेन को अलग किया जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर पालिका हाटा के वार्ड संख्या 22 थरूआडीह पश्चिम टोला के रहने वाले राम प्यारे (70) घर पर खेतीबारी करते थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह साइकिल से दूध लेकर एक व्यक्ति के घर पहुंचाने जा रहे थे।
वह मोहल्ले से निकल कर हाईवे पर पहुंचे और हाटा की ओर जा रहे थे। उसी समय अचानक पीछे से आ रहा एक ट्रक उन्हें कुचलते हुए बगल में खड़े क्रेन से टकरा गया। लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि साइकिल सवार की मौत हो चुकी है और उनके शरीर के कई अंग कट कर अलग हो चुके हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राम सहाय चौहान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया गया है।