चालक-खलासी की पिटाई कर प्याज लदा ट्रक लूट ले गए बदमाश
चालक और ट्रक मालिक को भी पुलिस बुलाई थाने
तहरीर व जांच के आधार पर आगे की होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। क्षेत्र से बृहस्पतिवार की रात में प्याज लदे ट्रक के चालक और खलासी की पिटाई कर बोलेरों सवार बदमाश ट्रक लूट ले गए। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में खलासी बदहवाश हाल में मिला। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। इधर नवागत एसपी विनोद कुमार मिश्र भी शुक्रवार को कसया थाने पहुंच गए और प्रकरण की जानकारी जुटाई। एसओ से पूछताछ कर मामले का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने का निर्देश दिया।
शुक्रवार की सुबह नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के कप्तानगंज मार्ग पर सौरहां खुर्द गांव के समीप पेट्रोल पंप पर एक युवक बदहवास मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश वर्मा निवासी घुरकुंआ थाना गौर जिला बस्ती बताया। उसने बताया कि उसी के गांव के रहने वाले मानिक वर्मा ट्रक के मालिक है और वह मुंबई में रहते है। वह ट्रक का खलासी है। 21 अगस्त को शाहजहांपुर से ट्रक पर प्याज लोड कर बिहार के बगहा जा रहा था। शुक्रवार की रात में ट्रक को बोलेरो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोका और उसे अपने गाड़ी में बैठा लिया। जबकि ट्रक चालक यह स्थिति देखकर मरियवां जिला बस्ती निवासी शैलेश कुमार किसी तरह से भाग निकला। बोलेरो सवार लोगों में से कुछ ने ट्रक को लेकर फरार हो गए। बताया कि काफी देर तक उसे बोलरो में घुमाने के बाद वह लोग यहां आए और उसे गाड़ी से धक्का देकर नीचे गिराकर चले गए। नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने बदहवाश खलासी को कसया पुलिस को सुपुर्द कर दिया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल के लिए एएसपी गौरव बंसवाल व एसओ ज्ञानेंद्र राय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चालक व ट्रक मालिक को भी थाने बुलाया गया है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सीओ रामदास प्रसाद ने बताया कि ट्रक कसया-पडरौना मार्ग स्थित बाड़ीपुल के पास बदमाशों ने कब्जे में ले लिया,यह बात खलासी से पुलिस की पूछताछ में पता चली है। एसओ ने बताया कि जांच में आए मामले व तहरीर के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़े प्रत्येक बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
20 लीटर कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार
अहिरौली बाजार। शुक्रवार को पुलिस ने दस- दस लीटर कच्ची शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसओ मृत्युंजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रहलाद पुत्र पुरन यादव निवासी मिश्रौली और विजय शंकर पुत्र रामचंदर निवासी बलुआ के रूप में हुई। पकड़े गए आारोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।