पिपरा कनक। पटहेरवा थाना क्षेत्र के बलुवा तकिया गांव स्थित संविलियन विद्यालय में शरारती तत्वों की हरकतों से पठन-पाठन प्रभावित हो गया है। शिक्षिका ने पुलिस को दिए पत्र में बताया कि विद्यालय का मूल भवन जर्जर स्थिति में है, इसलिए बच्चों की पढ़ाई के लिए एक अतिरिक्त कक्ष की रंगाई-पुताई कराकर व्यवस्था की गई थी।
दो दिनों से अराजक तत्व कक्ष के दरवाजे, तालों और दीवारों पर गंदगी फैला रहे हैं, जिससे विद्यालय खुलना मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं, एक कक्ष की दीवार भी तोड़ दी गई है। बताया कि 11 दिसंबर को बच्चों की परीक्षा के लिए जब विद्यालय खोला गया तो कक्ष की स्थिति देखकर सभी दंग रह गए। किसी तरह उस दिन परीक्षा कराई गई, लेकिन अगले दिन फिर दूसरे कक्ष पर वही हरकत दोहराई गई। लगातार गंदगी फैलाए जाने से बच्चों का पठन-पाठन ठप हो गया है।
मामले की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी को भी दी गई, जिन्होंने शिक्षिका के साथ मिलकर शुक्रवार को थाने पहुंच कर तहरीर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष हरेराम सिंह यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षिका ने खंड शिक्षा अधिकारी के साथ थाने में तहरीर देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।