13 अक्तूबर को गोरखपुर में होगा मंडलीय चयन, वाराणसी में 15 से 16 अक्तूबर तक होगी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता
पडरौना। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम-कुशीनगर में खिलाड़ियों का जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल होगा। सुबह 10 बजे से होने वाले ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 13 अक्तूबर को गोरखपुर में आयोजित मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 15 से 16 अक्तूबर तक वाराणसी में आयोजित होगी।
उप क्रीडाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित चयन प्रक्रिया में दौड़, कूद और थ्रो सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़, 110 मीटर बाधा दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, मिडले रिले और तीन किलोमीटर रेस वॉकिंग स्पर्धाएं शामिल हैं।
जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को 13 अक्तूबर को सुबह 10 बजे महंत अवेद्यनाथ जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम, जंगल कौड़िया, गोरखपुर में होने वाले मंडलीय ट्रायल में भाग लेना होगा। जनपद से अधिकतम 10 खिलाड़ी ही मंडलीय चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को आयु प्रमाण के रूप में हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड या नगर निगम की ओर से जारी जन्म प्रमाणपत्र में से मान्य दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर खिलाड़ियों को चयन एवं ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।