29 जुलाई को बंगाल में शुरू होगी दिव्यांग क्रिकेट ट्राई सीरीज प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। गुरवलिया बाजार क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग निवासी लव वर्मा का चयन दिव्यांग क्रिकेट ट्राई सीरीज के लिए यूपी टीम में हुआ है। वह 29 जुलाई को पश्चिम बंगाल के रानाघाट में शुरू होने वाले क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। वह भारतीय टीम के पूर्व उप कप्तान भी रह चुके हैं।
पश्चिम बंगाल दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से आयोजित दिव्यांग क्रिकेट ट्राई सीरीज में पश्चिम बंगाल, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश की दिव्यांग क्रिकेट टीमें प्रतिभाग करेंगी। यूपी दिव्यांग क्रिकेट टीम 27 जुलाई को वाराणसी से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होगी।
उनकी इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी डॉ. उत्तम ओझा, डॉ. संजय चौरसिया, अजित श्रीवास्तव, प्रदीप राजभर ने बधाई दी है।
लव को मिल चुका है दिव्यांग का राष्ट्रीय खेल रत्न पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार
लव वर्मा को राष्ट्रीय खेल रत्न जैसे बड़े सम्मान से नवाजा जा चुका है। यूपी सरकार की तरफ से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब भी वह हासिल कर चुके हैं। लव वर्मा बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज हैं। वह डिजेबल्ड सपोर्टिंग सोसाइटी (भारत सरकार से सम्बद्ध, नीति आयोग) की तरफ से संचालित दिव्यांग क्रिकेट टीम से जुड़े हैं। उनके हुनर को देखते हुए स्कूल स्तर पर उनका चयन 2008 में हुआ। इसके बाद लव का मनोबल बढ़ गया। 2014 में उनका चयन आगरा में ट्रायल के बाद भारतीय विकलांग क्रिकेट टीम में ऑलराउंडर के तौर पर हुआ। उन्होंने इसी वर्ष श्रीलंका में पांच विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीतकर कीर्तिमान स्थापित किया। 2015 में टी-20 एशिया कप आयोजित हुआ, जिसमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें प्रतिभाग की थीं। इसमें भी लव हीरो रहे और चार मैच में कुल पांच विकेट झटके। इसकी बदौलत भारत ने एशिया कप जैसा बड़ा टूर्नामेंट भी जीत लिया। लौटने के बाद श्रीलंका से हुए वनडे सीरीज में बेस्ट फील्डर का खिताब मिला। 2017 के ट्राई सीरीज के लिए लव को उपकप्तान बनाया गया और भारतीय टीम उनके नेतृत्व में विजेता हुई। 2019 में कोलकाता में आयोजित ट्राई सीरीज में लव को टीम की कमान मिली थी।