फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: चक्रवाती तूफान में उखड़े पेड़, टूट गए बिजली के पोल, दो की गई जान

Fri, 17 May 2024 05:32 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। दुदही और तमकुही रोड क्षेत्र में बुधवार की देर रात चक्रवाती तूफान ने तबाही मचा दी। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विशुनपुर बरिया पट्टी गांव में टिनशेड पर पेड़ गिरने से दबकर एक किसान और भावपुर गांव में आंधी आने पर भागते समय एक महिला गिर गई और उसकी मौत हो गई। दुदही-कठिकुइया के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से कप्तानगंज-थाने रूट दो घंटे तक प्रभावित रहा। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि 200 से अधिक बिजली के पोल टूट गए। 400 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। 150 से अधिक घरों के छप्पर उड़ गए और पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क पर पेड़ गिरने से पडरौना-तमकुहीरोड पर पूरी रात अवागमन ठप रहा।
विज्ञापन

उमसभरी गर्मी के बीच बुधवार की रात करीब 10 बजे गरज-चमक के बीच आंधी आ गई। तमकुहीरोड, दुदही, बनकटा बाजार, पिपरा घाट इलाके में बारिश के साथ चक्रवाती आंधी थी। करीब 60 किमी की रफ्तार से आई आंधी में 150 से अधिक लोगों को छप्पर, टिनशेड उड़ गए। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के विशनपुर बरिया पट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय राजदेव बारिश की वजह से गाय बांधने के लिए टिनशेड में रखा सामान हटा रहे थे। इसी बीच टिनशेड पर पेड़ गिर गया और इसमें दबकर उनकी मौत हो गई। इसके अलावा तरया सुजान थाना क्षेत्र के भावपुर गांव निवासी अब्दुल्लाह की 45 वर्षीय पत्नी नाजरा खातून आंधी आने पर दरवाजे से घर में भागते समय जमीन पर गिर गई और इनकी मौत हो गई। पुलिस ने राजदेव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि नाजरा खातून का शव घर वालों ने दफना दिया।
दुदही-कठकुइया के बीच रेलवे लाइन पर पेड़ गिरने से दो घंटे तक इस रूट पर ट्रेनों का अवागमन ठप रहा। गोरखपुर से आने वाली पैसेंजर, गोमती नगर-छपरा कचहरी एक्सप्रेस को नजदीकी रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा। पडरौना से दुदही होते हुए सेवरही, तमकुही रोड पर गगलवा से तिवारी पट्टी रेलवे ढाले तक 200 से अधिक पेड़ गिर गए। बिजली के पोल-तार टूट जाने से राजापाकड़ से मनिकौरा और जरार बिजली उपकेंद्रों की आपूर्ति रात से ही ठप है। दर्जनों पोल और मेन लाइन के तार टूट गए हैं। इसके चलते बृहस्पतिवार को दस बजे तक पडरौना-तमकुही रोड पर आवागमन ठप रहा। पेड़ गिरने से गौरी जगदीश निवासी नगीना और सरवन की एक-एक भैंस, गौरीश्रीराम के ख़लील की एक गाय की मौत हो गई। सेवरही की गंडक काॅलोनी में 33 हजार केवी के तार पर पेड़ गिरने से तार व क्रॉस आर्म टूट गए। 100 से अधिक पेड़ गिरने से सेवरही व तरया सुजान क्षेत्र के 180 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। राजपुर बगहा में पेड़ गिरने से राजेश सिंह का ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। सेवरही नगर पंचायत के जानकीनगर मोहल्ले में रेलवे स्टेशन के सामने झोपड़ी में छह किन्नर रहते हैं। चक्रवाती तूफान में झोपड़ी पर पीपल का पेड़ गिर गया। किन्नर तो बाल-बाल बच गए, लेकिन इनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। पटहेरवा बिजली उपकेंद्र से जुड़े लोगों को भी पूरी रात बिजली नहीं मिली। मेन लाइन पर पेड़ गिरने से उपकेंद्र ब्रेक डाउन हो गया था। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया में बकरी पालन और वर्मी कंपोस्ट के लिए लगाए गए टिनशेड भी उड़ गया।
विज्ञापन

आंधी से गिरे पेड़, बिजली आपूर्ति ठप

तमकुहीराज। तेज आंधी के कारण बुधवार की रात तमकुहीरोड-टड़वा मार्ग पर गोसाईपट्टी के समीप पेड़ गिर आने से आवागमन प्रभावित रहा तो क्षेत्र के माधोपुर बुजुर्ग, सरैया, रामपुरराजा, मुन्नीपट्टी, परसौनी, डिबनी बंजरवा, लतवा मुरलीधर, खुदरा, बहादुरपुर, सलेमगढ़, मोरवन, गोसाईपट्टी, गोड़ईता श्रीराम, करनपट्टी, कोइंदी बुजुर्ग, चखनी खास आदि गांवों बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा मुन्नीपट्टी गांव में सेराज अहमद का कटरैन उड़ गया। मंझरिया में पेड़ गिरने से हरिकेश गुप्ता की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। संवाद
-
-दिन में तापमान अधिक था। इस लिए सामान्य से तेज हवा चलने की उम्मीद थी। लेकिन रात 9.50 बजे चक्रवाती तूफान से भी तेज आंधी आई। इससे काफी नुकसान हुआ। तूफान बिहार से आया। हम लोगों की मशीनरी भी फेल हो गई। अंदाजा नहीं था कि ऐसा चक्रवाती तूफान आएगा। इसका प्रकोप पूरे जिले में नहीं है। लेकिन बड़ी गंडक नदी के किनारे के इलाके में इसका प्रभाव है और काफी नुकसान भी हुआ है। करीब 50 मिनट तक इसका असर रहा। वायुमंडलीय दबाव के चलते ऐसा होता है। जिले से सटे बिहार में इसका ज्यादा प्रकोप है। -डॉ. अशोक राय, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया
-
-चक्रवाती तूफान के चलते बिजली के पोल और तार टूटे हैं। सुबह से बिजली निगम के कर्मचारी पेट्रोलिंग कर खराबी को ठीक करने में जुटे हैं। कुबेरस्थान क्षेत्र की आपूर्ति सुबह 10 बजे तक बहाल कर दी गई है। दूसरी लाइन राजापाकड़ से आती है। देर रात तक इसकी भी आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। तूफान से काफी नुकसान हुआ है। -राकेश मोहन, एसई बिजली निगम
-
दुदही और तमकुहीरोड क्षेत्र में चक्रवाती तूफान का ज्यादा प्रकोप था। एक किसान की मौत हुई है। राजस्वकर्मियों को भेजा गया था। एक महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। लेकिन, घर वालों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। शव को दफना दिया। शासन की ओर से अहेतुक सहायता दी जाएगी। चक्रवाती तूफान से जो भी नुकसान हुआ है, उसकी रिपोर्ट राजस्व टीम तैयार कर रही है। -विकास चंद्र, एसडीएम तमकुहीराज
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें