कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर गिरे पेड़ को हटवाती वन विभाग की टीम।
अहिरौली बाजार। तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से बरडीहा के पास पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। इससे कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर करीब चार घंटे आवागमन ठप रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईटेंशन तार पर पेड़ गिरने से गिदहा चक बैरिया बिजली उपकेंद्र से जुड़े करीब 60 गांवों की बिजली आपूर्ति शाम तक प्रभावित रही।
थाना क्षेत्र के बरडीहा के सत हत्था बाबा के स्थान के पास रविवार को बारिश के बाद दिन में करीब नौ बजे पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से गिदहा चक बैरिया उपकेंद्र पर जाने वाला हाईटेंशन तार भी टूट गया। इससे अवागमन ठप हो गया। कुछ देर बाद राहगीरों को जगदीशपुर बरडीहा चौराहे से बड़ी नहर के रास्ते विशुनपुरा गांव होते हुए जाना पड़ा। सूचना पर वन विभाग के फारेस्ट गार्ड शंभू राजभर सहयोगियों के साथ पहुंचे। काफी प्रयास के बाद दोपहर करीब एक बजे पेड़ का कुछ हिस्सा काटकर किनारे कराया। इसके बाद आवागमन शुरू हो सका। बिजली निगम के जेई अजीत कुमार ने बताया कि पेट्रोलिंग की जा रही है। शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।