पडरौना। नवागत डीएम उमेश मिश्र ने बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित कोषागार में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि जनपद के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं त्वरित मुहैया कराने के लिए डॉक्टरों को सीएचसी और पीएचसी में मौजूद रहना होगा। निजी अस्पतालों पर बाहर के डॉक्टरों का बोर्ड लगाकर इलाज की शिकायतें मिली हैं, यह मनमानी नहीं चलने दी जाएगी।
डीएम ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाएगा। डीएम ने बताया कि वर्ष 1997 में उनका पीसीएस में चयन हुआ था। पैतृक निवास प्रयागराज है। वर्ष 2012 बैच के आईएएस हैं। उन्होंने प्रदेश के अमरोहा में पहली बार डीएम का पदभार संभाला था। इसके बाद बिजनौर के डीएम रहे। बतौर डीएम कुशीनगर में उनकी तीसरी तैनाती है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की नगरी कुशीनगर की वैश्विक पटल पर ख्याति है। बुद्ध की इस तपोस्थली को आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान गन्ना, गंडक नदी, अवैध अस्पताल, गड्ढायुक्त सड़क, पडरौना बाईपास सड़क, प्रेस क्लब, अतिक्रमण, हिरण्यवती नदी व बांसी नदी की साफ-सफाई समेत कई बिंदुओं काे उठाया गया।