पडरौना। सभी 52 नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 2060 मरीजों ने पंजीकरण कराने के बाद उपचार कराया। स्वास्थ्य मेले में सांस, त्वचा व पेट के रोगियों की संख्या अधिक रही।
जिले के सभी न्यू पीएचसी पर आयोजित जन आरोग्य मेले में 814 पुरुष, 836 महिलाएं और 410 बच्चों समेत 2060 मरीजों ने पंजीकरण कराने के बाद उपचार कराया। इसमें सांस के 142, पेट के 179, मधुमेह के 153, त्वचा के 254, टीबी के संभावित 12, रक्त अल्पता के तीन, उच्च रक्त चाप के 102 मरीजों ने उपचार कराया। इसके अलावा अन्य स्वास्थ्य के 473 मरीज मेले में देखे गए। सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि 98 चिकित्सकों व 247 पैरा मेडिकल स्टॉफ को मेले में तैनात किया गया था। उपचार के साथ ही सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
टेकुआटार प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय बाजार के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बलिराम राव ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को जागरूक रहने व बीमारी से बचाव को लेकर सतर्कता बरते जाने की बात कही। कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर हर बीमारियों का इलाज किया जा रहा है। सरकार स्वास्थ्य पर पूरी तरह से योजना बनाकर काम कर रही है। इस दौरान डॉ. राजेंद्र प्रसाद, निशांत मिश्र, इसरार अली, अनूप कुमार, दीपमाला, रिंकी गौतम, नीलम, प्रियंका यादव, श्रीराम कुशवाहा, वंदना सिंह आदि मौजूद रहे।