पडरौना। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से जिले के 194 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगी। कई परीक्षा केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में हैं और वहां तक आवागमन के लिए पर्याप्त साधन नहीं है। इससे परीक्षार्थियों को समय से केंद्र पर पहुंचने में दिक्कत होती है। इसे देखते हुए शासन ने परिवहन निगम को बसें संचालित करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए अधिकतर सेंटर ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। सुबह परीक्षा के वक्त साधन नहीं मिलने के चलते परीक्षार्थियों के साथ-साथ परिजनों को भी परेशान होना पड़ता है। अभिभावक सुबह अपने पाल्यों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचाने को लेकर परेशान रहते हैं। भीड़ के चलते प्राइवेट वाहन चालक मनमानी किराया वसूलते हैं।
इसे देखते हुए शासन ने जरूरत के अनुसार परीक्षार्थियों के लिए बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं। पडरौना डिपो के एआरएम जयप्रकाश प्रधान ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले के तीन मार्गों पर बोर्ड परीक्षा तिथियों के अनुसार परीक्षा शुरू होने और परीक्षा छूटने के समय पर निगम और अनुबंधित बसों का संचालन होगा।
ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के मार्गों पर कुछ परीक्षा स्पेशल बस के रूप में संचालित करने का इंतजाम किया जा रहा है। ये बसें सुबह सात से आठ और दोपहर एक से दो बजे के बीच चलेंगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद यही बसें परीक्षार्थियों को वापस लेकर आएंगी। इन सभी बसों में परीक्षार्थियों को सामान्य किराया देना होगा। ये बसें खड्डा-छितौनी, कप्तानगंज-पिपराइच और पडरौना-जटहां बाजार मार्ग पर संचालित होंगी।