- कसया नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर एक रानी लक्ष्मीबाई पुरम का मामला
- परिजनों के साथ मारपीट के विरोध में आक्रोशित थे किन्नर, दो घंटे तक चला हंगामा
कसया। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर एक रानी लक्ष्मीबाई पुरम में मंगलवार रात इफ्तारी के विवाद में दो पटीदारों में हुई मारपीट के बाद एक पक्ष की ओर से किन्नरों ने बुधवार को कसया थाने में पहुंचकर हंगामा किया। किन्नरों का हना था कि मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई की जाए। आनन-फानन में पुलिस ने आरोपी मुमताज व नगमा को हिरासत में लेकर थाने ले आई और शातिभंग में चालान कर दिया। करीब दो घंटे तक किन्नरों का हंगामा चलता रहा।
नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर एक रानी लक्ष्मीबाई पुरम (एकडेरवा के शुखपुरवा) निवासी सलमान और गांव के हवलदार के बीच मंगलवार की रात को इफ्तारी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि, हवलदार और मुमताज सहित अन्य परिवार के लोगों ने सलमान को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद सलमान ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई न होने से परिजन नाराज थे।
बताया जा रहा है कि सलमान के परिवार का सदस्य आबिद उर्फ मुस्कान देवरिया में किन्नर है। घटना की जानकारी मिलने पर वह अपने साथियों के साथ थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
किन्नरों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस तत्काल गांव पहुंची और आरोपी मुमताज और नगमा को हिरासत में लेकर थाने लाई। इस दौरान किन्नर आरोपियों पर हमलावर हो गए। लेकिन, पुलिसकर्मी किसी तरह उन्हें बचाकर थाने के अंदर सुरक्षित लाए। एसएचओ ने किन्नरों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग में चालान किया, तब जाकर करीब दो घंटे बाद किन्नर शांत होकर थाने से गए।
इस संबंध में एसएचओ आशुतोष सिंह ने बताया कि दो पटीदारों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें एक परिवार से जुडे किन्नर अपने समर्थकों के साथ आए थे। कार्रवाई के बाद संतुष्ट होकर चले गए।