हाटा। गोरखपुर में सोनबरसा बाजार के पास रविवार को हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से दो बच्चों सहित एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों में बिजली निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। कुशीनगर में भी ऐसा हादसा नहीं होगा, इस बात की कोई गारंटी नहीं है। ऐसा इसलिए कि कुशीनगर में हाईटेंशन तार हादसे को दावत दे रहे हैं। वहीं सड़क किनारे रखे ट्रांसफॉर्मर से खतरा और बढ़ गया है। हाटा तहसील क्षेत्र सहित पूरे जनपद में ऐसे तमाम ट्रांसफाॅर्मर दिख जाएंगे जो भीड़-भाड़ वाले इलाके में खुले ही सड़क किनारे रखे हुए हैँ। साथ ही एलटी के साथ-साथ एचटी लाइन के तार भी लटके देखे जाते सकते हैं। इससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। बिजली निगम के जिम्मेदार तब तक नहीं जागते हैं, जबतक उन जगहों पर कोई हादसा नहीं होता है। हाटा नगर की बात करें तो नगर के बाघनाथ चौराहे पर नहर पुल के पास खुले में दो ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए है। ये ऐसी जगहों पर लगे हैं, जहां कभी कोई बाइक चालक अनियंत्रित होकर गिरकर हादसे का शिकार हो सकता है। एक तरफ नहर का पानी है तो आसपास ठेले और रिक्शे भी खड़े होते है। सुकरौली बीच कस्बे में बंचरा की तरफ जाने वाली नहर के बगल में भी खतरनाक ढंग से ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया है। इस जगह पर भी लोगों की भीड़ रहती है। लोगों की लापरवाही यहां तक है कि कई लोग अपनी साइकिल ट्रांसफाॅर्मर के चबूतरे से सटाकर खड़ी कर देते है। ऐसे में अगर करंट उतर जाए तो जान तो जाना तय ही है। हादसों के बाद कुछ दिन तो लोग सावधानी बरतते है, लेकिन कुछ दिनों बाद भूल जाते है।