कप्तानगंज। सहालग का समय और पढ़ाई व अन्य कार्यों के लिए बाहर जाने वालों को रेलवे का कंफर्म टिकट लेने में परेशानी हो रही है। कप्तानगंज रूट से होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों में 20 मई तक सीट फुल है। इसके चलते कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रा करनी मुश्किल हो रही है। वहीं साइबर हैकरों की चांदी है, क्योंकि दो गुना अधिक पैसा लेकर वे कन्फर्म टिकट बेच रहे हैं।
कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से तीन रूट की ट्रेनों का संचालन होने के साथ-साथ लंबी दूरी की ट्रेनों के अलावा दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, मुम्बई, कोटा, जम्मू-कश्मीर, कोलकाता सहित अन्य बड़े शहरों के लिए ट्रेनों का परिचालन होता है। इसके चलते हर समय भीड़ रहती है, लेकिन टिकट को लेकर दो दिन पहले से नंबर लगाने के बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इसके चलते लोगों को कंफर्म टिकट के अभाव में यात्रा करना बहुत मुश्किल होता दिख रहा है।
टिकट काउंटर पर तत्काल टिकट को लेकर खिड़की पर खड़े जितेंद्र यादव, अनिल, योगेन्द्र सिंह, अशोक पांडेय, श्याम कुमार सिंह, अखिलेश कुमार, मुकेश कुमार, खुर्शीद आलम आदि ने बताया कि तत्काल टिकट को लेकर खिड़की पर खड़े होने के बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। किसी तरह एक ही व्यक्ति को कन्फर्म टिकट मिल पाता है उसके बाद वेटिंग हो जाता है। वेटिंग टिकट से यात्रा करना बहुत मुश्किल है।