कप्तानगंज। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल मार्ग पर संचालित लंबी दूरी की ट्रेनों में सहालग के चलते कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इसके चलते लोगों को घर में आयोजित मांगलिक कार्यक्रमों में समय पर शामिल होने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेन की कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के चलते लोगों को अन्य साधनों का प्रयोग करना पड़ रहा है।
कप्तानगंज रेलवे जंक्शन है। यहां से गोरखपुर-नरकटियागंज और कप्तानगंज-थाने रेल मार्ग की ट्रेनों का संचालन होता है। इसके चलते रेलवे स्टेशन पर हर समय यात्रियों की भीड़ रहती है, लेकिन रिजर्वेशन काउंटर एक होने के कारण लोगों को तत्काल टिकट लेने में परेशानी उठानी पड़ती है। हालत यह है कि टिकट काउंटर पर लाइन में तो कई लोग खड़े होते हैं, लेकिन एक या दो लोगों को ही कन्फर्म टिकट मिल पाता है।
टिकट नहीं मिलने के चलते कई लोगों को ट्रेन की यात्रा छोड़नी पड़ती है। वहीं आईआरसीटीसी सॉफ्टवेयर हैकरों द्वारा कन्फर्म टिकट दो गुने रुपये में टिकट बेचते हैं। कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस, पूर्वाचल एक्सप्रेस, सप्तक्रांति सुपर फास्ट सहित सभी ट्रेन 25 फरवरी तक सभी ट्रेन फुल है। कप्तानगंज से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस स्लीपर में 10, थर्ड एसी में पांच और टू-टियर एसी में पांच नंबर वेटिंग है।
सप्तक्रांति सुपर फास्ट स्लीपर में 46, थर्ड एसी में 10, टू-टियर एसी में 10 नंबर वेटिंग है। आनंद विहार से कप्तानगंज तक आने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस स्लीपर में 68, थर्ड एसी में 39, टू-टियर एसी में 15 नंबर वेटिंग है।
सप्तक्रांति सुपर फास्ट के सभी क्लास में नो सीट है। कप्तानगंज से मुंबई तक जाने वाली अवध एक्सप्रेस स्लीपर में 20, थर्ड एसी पांच, टू-टियर एसी में 10 नंबर वेटिंग है। मुंबई से कप्तानगंज तक आने वाली अवध एक्सप्रेस स्लीपर नो सीट, थर्ड एसी में नो सीट, टू-टियर एसी में 44 वेटिंग है।