जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी गई मतदान के बारे में जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को निकाय चुनाव के प्रेक्षक अनिल कुमार, डीएम रमेश रंजन व सीडीओ गुंजन द्विवेदी की मौजूदगी में प्रशिक्षण हुआ। इसमें जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को उनके कार्य और दायित्व के बारे में जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेटों को स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम आदि के बारे में पूरी तैयारी करने और स्ट्रांग रूम पर कैमरा व्यवस्थापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतदान केंद्र पर समय से पहुंचें। मतदाता की निजता को सुनिश्चित करावें। प्रेक्षक ने कहा कि सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने केंद्रों तथा अपने जोन में भ्रमण करें। हर दो घंटे पर चुनाव की प्रतिशतता से अवगत कराएं। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र का विजिट करें। मतदान की गोपनीयता को बनाए रखते हुए पारदर्शी, निष्पक्ष, चुनाव को संपन्न कराएं।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ सीडीओ गुंजन द्विवेदी, एडीएम देवी दयाल वर्मा, एएसपी रितेश कुमार सिंह, एडीएम (न्यायिक) उपमा पांडेय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी व्यास नारायण आदि मौजूद रहे।