पडरौना। जिलाधिकारी एवं एसपी कुशीनगर की ओर से संयुक्त रूप से रिजर्व पुलिस लाइन में प्रारंभ हो रहे पुलिस प्रशिक्षण (आरक्षी) जेटीसी की तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। रिजर्व पुलिस लाइन कुशीनगर के जॉइंट ट्रेनिंग सेंटर (जेटीसी) में पुलिस प्रशिक्षण का मंगलवार से शुभारंभ हो गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर एवं एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण कर तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अभ्यर्थियों के लिए बैरक, हॉस्टल की व्यवस्था, मेस की सुविधा, आउटडोर व इनडोर प्रशिक्षण स्थलों, लाइट, पंखा, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
प्रशिक्षण को सुचारू, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले रिक्रुट्स से वार्ता की और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने पुलिस लाइन परिसर व बैरक का भ्रमण कर सभी सुविधाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
पुलिस ट्रेनिंग मैनेजमेंट सिस्टम ऐप पर मिलेगी सभी जानकारी ः उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी व प्रभावी बनाने के लिए एसपी संतोष कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में अत्याधुनिक पुलिस ट्रेनिंग मैनेजमेंट सिस्टम एप विकसित किया गया है। यह एप कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक पर आधारित है, जो प्रशिक्षुओं को उनके आगमन के समय ही प्रशिक्षण से संबंधित समस्त जानकारी, जैसे समय-सारणी, पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण मॉड्यूल और अन्य आवश्यक सूचनाएं जैसे बैरक, हास्टल के लोकेशन इत्यादि की सूचना तत्काल उपलब्ध कराएगा।