हाटा में लगा जाम में फंसे वाहन।संवाद
हाटा। शुक्रवार को नगर के प्रमुख बाघनाथ चौराहे पर दिनभर रुक-रुक कर जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही यातायात का दबाव बढ़ने लगा, जो दोपहर और शाम के समय और अधिक गंभीर हो गया। चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों की भीड़ के चलते स्थिति बार-बार नियंत्रण से बाहर होती रही।
जाम के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई। कई बार एंबुलेंस जैसे जरूरी वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ा, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती न होने और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की समस्या बढ़ रही है। वहीं सड़क किनारे अतिक्रमण भी यातायात को बाधित कर रहा है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर स्थायी रूप से यातायात कर्मियों की तैनाती की जाए और अतिक्रमण हटाकर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस समस्या से निजात मिल सके।