पडरौना। जीएसटी विभाग की तरफ से शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम महेंद्र सिंह तंवर एवं एसपी केशव कुमार की मौजूदगी में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में व्यापारियों ने राज्य कर विभाग की तरफ से की जा रही कार्रवाई पर अपनी शिकायतें और सुझाव प्रस्तुत किए।
डीएम ने इनकी शिकायतों को सुनने के बाद सक्षम स्तर से निस्तारण कराने तथा कुछ व्यापारियों की छोटी-छोटी गलतियों की वजह से उत्पन्न हो रही समस्याओं की तरफ भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने व्यापारियों व आमजन की सुविधा के लिए अपने स्तर से की गई पहल के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत डीएम व एसपी की तरफ से दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस कार्यक्रम में व्यापारी, उद्यमी, अधिवक्ता और राज्य कर विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सचिन चौरसिया ने बकाया टैक्स वसूली के नाम पर व्यापारियों पर कुर्की की कार्रवाई करने, फाजिलनगर के व्यापारी नेता अमरनाथ पांडेय ने अपने कस्बे में व्यापारी नेताओं पर दर्ज मुकदमे का मसला रखा तो वहीं अधिवक्ता रामगोपाल गुप्ता ने भी टैक्स को लेकर व्यापारियों की समस्या प्रमुखता से रखी।
व्यापारियों से संवाद करते हुए डीएम व एसपी ने कहा कि व्यापारी वर्ग अधिकार के साथ-साथ अपने कर्त्तव्यों का भी निर्वहन करें। डीएम ने सभी समस्याओं के समाधान को एक प्लेटफॉर्म पर रखकर संवाद के जरिए सुलझाने का आश्वासन दिया।