गंडक नदी में गिरी ट्रैक्टर-ट्राली
- बरवापट्टी घाट से नाव पर लादकर दूसरे तरफ आ रही थी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवापट्टी। थाना क्षेत्र के बरवापट्टी घाट पर रविवार की रात करीब नौ बजे दियारा क्षेत्र से खर-पतवार लादकर आ रही एक बड़ी नाव का संतुलन बिगड़ गया। इससे नाव पर लदी ट्रैक्टर-ट्राली नदी में गिर गई। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुबह नाव संचालक व अन्य लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी में होने की वजह से निकाला नहीं जा सका।
नदी उस पार लोग खेती करने के लिए नाव से आते-जाते हैं। रविवार रात को दियारा क्षेत्र से खेत में काम करके लोग नाव में सवार होकर वापस आ रहे थे। नाव में खर-पतवार से लदी ट्रैक्टर-ट्राली भी थी। नाव चलने के कुछ देर बार अनियंत्रित होने से ट्रैक्टर-ट्राली नदी में गिर गई। नाव पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि नाव कुछ देर में नियंत्रित हुई तो लोगों ने राहत महसूस किया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस संबंध में डीएम एस. राजलिंगम ने बताया कि रात में नाव का संचालन करना मना है। नाव किसके आदेश पर चलाई जा रही थी उसकी जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।