तमकुहीरोड। सेवरही चीनी मिल में सोमवार की रात गन्ना लेकर पहुंचा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मिल के डोंगे में जा गिरा। इससे आग लग जाने से ट्रैक्टर जल गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों की सजगता से चालक डोंगे की चपेट में आने से बच गया। बाद में चीनी मिल को बंद कर ट्रैक्टर को बाहर निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि यदि कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को डोंगे से बाहर नहीं खींचा होता तो उसकी जान जा सकती थी।
सेवरही विकास खंड के ग्राम सभा दोमाठ के निवासी ट्रैक्टर चालक व स्वामी पवहारी कुशवाहा पुत्र शिवनंदन कुशवाहा सोमवार को रात में दस बजे के आस पास अपने ट्रैक्टर से गन्ना लाद कर चीनी मिल ले गए थे। जब वह अपनी गन्ना से लदी गाड़ी को डोंगे की तरफ पीछे कर रहे थे, उसी समय गाड़ी अनियंत्रित होकर मिल के डोंगे में जा गिरी और ट्रैक्टर में आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। ट्रैक्टर पूरी तरह जल गया। चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने बताया कि इस हादसे की वजह से चीनी मिल को दो घंटे बंद करना पड़ा। गनीमत रही कि कर्मचारियों की सजगता से बड़ा हादसा होने से बच गया। इसकी जानकारी मिल प्रबंध तंत्र को दे दी गई है।