पडरौना। मेडिकल कॉलेजों में नियुक्ति चिकित्सा शिक्षकों को मंगलवार के दिन नियुक्ति पत्र दिया गया। इसका लखनऊ से सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में भी दिखाया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में कुशीनगर के स्वशासी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व जनप्रतिनिधियों ने जिले को मिले 12 चिकित्सा शिक्षकों को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम के दौरान नियुक्तिपत्र प्रदान किया। इनके अलावा स्टॉफ नर्सों को भी नियुक्ति पत्र दिया गया।
इस कार्यक्रम में मौजूद सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि कुशीनगर चिकित्सा व्यवस्था के क्षेत्र में अन्य जिलों से मजबूत है। जिले को मिले नए सह आचार्य एवं सहायक आचार्य स्वशासी मेडिकल कॉलेज में वेंटीलेटर, इमरजेंसी वार्ड एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर करने की दिशा में कार्य करेंगे।
हाटा के विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि कुशीनगर की चिकित्सा व्यवस्था इंसेफलाइटिस से निपटने में सक्षम है। वहीं, रामकोला के विधायक विनय प्रकाश गौड़ ने कहा कि सभी नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले नवनियुक्त चिकित्सा शिक्षक व अन्य स्टाॅफ मिली जिम्मेदारी का निष्ठा से निर्वहन करें। ताकि जिले की चिकित्सकीय सुविधा नई ऊंचाई तक ले जाने में मदद मिल सके।
डीएम उमेश मिश्र ने कहा कि स्वास्थ्य मनुष्य की अमूल्य संपदा है। इसे बनाए रखने में चिकित्सकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी लोग मिले पद का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। इसके बाद नवनियुक्त चिकित्सक शिक्षक गीता गुप्ता, रुचिका सिंह, संगीता जायसवाल, सुनील कुमार गुप्ता, कन्हैया प्रसाद, सुजीत कुमार माथुर, सुधांशु शेखर, अनूप जायसवाल, प्रवीण कुमार आदि में नियुक्तिपत्र वितरित किया गया। स्वशासी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके शाही और विधायक गण ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान सीएमएस डॉ. एचएस राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।