कई बार हो चुकी थी पंचायत, आदत से नहीं आ रहे बाज
पति समेत पांच लोगों पर हुई कार्रवाई, पुलिस कर रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। दहेज के लिए ताना मारने और विरोध करने पर ससुराल वालों ने बहू की पिटाई कर दी। घायल महिला का इलाज सीएचसी में कराया गया। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी सूरज पटेल की शादी तीन साल पूर्व निशा के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बीतने के बाद से ससुराल वाले दहेज के लिए ताना मारते थे। इसे लेकर बीच में कई बार विवाद हुआ और पंचायत भी। इसके बावजूद अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे थे। दो दिन पूर्व रात को कमरे में बंद कर विवाहिता की पिटाई की। इलाज के बाद वह मायके चली गई। पुलिस ने इस मामले में पति सूरज पटेल, ससुर दुर्गा पटेल, सास और दो ननद पर मारपीट, दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर नीरज कुमार राय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।