महिलाओं ने कच्ची शराब के ठिकानों पर की तोड़फोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। गंडक नदी पार बसे बसंतपुर और मरचहवा गांव में अवैध शराब बिक्री के चलते शराबियों का हुड़दंग बढ़ गया है। नाराज महिलाओं ने सोमवार को लाठी-डंडा लेकर प्रदर्शन करते हुए कच्ची शराब के ठिकानों पर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद शराब पीने वालों को खदेड़ दिया।
खड्डा थाना क्षेत्र के बिहार सीमा पर स्थित बालगोविंद छपरा मौजा व गंडक के नदी दियारा में कच्ची शराब की बनाई और बेची जा रही है। शराबी गांव में जाकर विवाद कर रहे हैं। जिससे लोग परेशान हैं। सोमवार को महिलाओं ने लाठी-डंडा लेकर प्रदर्शन किया और भट्ठियों पर जाकर तोड़फोड़ की। महिलाओं के विरोध का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद खड्डा थाने के शिवपुर चौकी के दो सिपाही पहुंचे तो लोगों ने शराबियों के चलते हो रही परेशानी बताई। सीओ खड्डा शिवाजी सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। अवैध शराब बेचने व बनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।