पडरौना। प्रयागराज महाकुंभ मेला में जिले के श्रद्धालुओं को सकुशल पहुंचाने के लिए पडरौना डिपो की तरफ सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पडरौना डिपो की तरफ से संचालित 29 निगम की बसों में से 16 बसे देवरिया के रुद्रपुर से संचालित की जाएंगी। जबकि, जिले के कुंभ यात्रियों को गाजियाबाद परिक्षेत्र की बसों को संचालित की जाएगी। ये बसें बुधवार की रात तक जिले में आ जाएंगी।
पडरौना डिपो के एआरएम जयप्रकाश प्रधान ने कहा कि इस समय कुंभ यात्रियों की संख्या बेहद ही कम है। लेकिन मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी। इसके चलते यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। ऐसे में यात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए डिपो की तरफ से सभी तैयारी कर ली गई है। कुंभ के लिए डिपो की तरफ से भेजी जाने वाली बसों को देवरिया के रुद्रपुर से भेजी जाएंगी। जबकि, डिपो की चार बसें कुंभ मेला क्षेत्र में शटल सेवा में संचालित हो रही हैं। ऐसे में कुशीनगर के यात्रियों को कुंभ ले जाने के लिए गाजियाबाद की 40 बसों को आवंटित की गई हैं। ये सभी बसें बुधवार तक जिले में आ जाएंगी। इन बसों को पडरौना के अलावा कसया और हाटा तहसील मुख्यालय से भेजी जाएंगी। उन्होंने बताया कि यदि 50 यात्रियों के एकत्र होने पर कोई बस की मांग करता है, तो उन्हें डिपो की तरफ से बस मुहैया कराई जाएगी।