खड्डा। आए दिन उत्पात होने से परेशान विशुनपुरा के लोगों ने शुक्रवार को शराब की दुकान गांव से अन्यत्र हटाने की मांग को लेकर दुकान के सामने हाथ में झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया।
गांववालों ने एसडीएम को पांच मांगों से संबंधित ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग भी की। खड्डा थानाक्षेत्र के विशुनपुरा में सरकारी देशी शराब की दुकान है। शराब की दुकान को अन्यत्र हटाए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य वृंदा देवी की अगुवाई में काफी संख्या में गांव की महिलाओं और पुरुषों ने दुकान के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। गांववालों का कहना था कि शराब की दुकान पर आए दिन लोग शोरशराबा करते रहते हैं।
गांव के अंदर शराब की दुकान खुलने से खास तौर से महिलाओं का उस रास्ते से आना जाना मुश्किल हो गया है। करीब एक घंटे तक धरना देने के बाद गांव के लोग सुधीर गौड़ की अगुवाई में तहसील पहुंचे गांव वालों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। गांववालों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 25 मई को धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान दुर्गेश सिंह, रामप्यारे, बिकाऊ, योगेंद्र चौधरी, मारकंडेय, धर्मेन्द्र राव, मदन सिंह, राजकुमार, दिनेश, जन्त्री, जगरनाथ, सुदामा, विन्ध्याचल, अनिल, बेचू, शंकर आदि मौजूद रहे।