सभी के प्रयास से हारेगा कोरोना, कुछ दिन और सहें कष्ट: मंडलायुक्त
कप्तानगंज। तहसील सभागार में बृहस्पतिवार को कमिश्नर जयंत नार्लिकर और डीआईजी राजेश डी मोडक की मौजूदगी में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों तथा मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक हुई। इसमें रमजान और गेहूं खरीद के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन का पालन करने के उपायों पर चर्चा की गई।
कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने कहा कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए अब तक लॉकडाउन के अलावा कोई दूसरा उपाय नहीं खोजा जा सका है। अब तक सभी के प्रयास से कुशीनगर जिला सुरक्षित है। इसे आगे भी सुरक्षित बनाए रखने में सबका सहयोग जरूरी है। रमजान के दौरान सामूहिक रूप से नमाज पढ़ने या रोजा इफ्तार की दावत आयोजित होने से भीड़ जुटेगी, जिससे संक्रमण तेजी से फैल सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार सभी से अपने घर में ही नमाज पढ़ने व इफ्तार करने का आग्रह किया गया है।
डीआईजी राजेश डी मोडक ने कहा कि लॉकडाउन के पालन में कुशीनगर प्रशासन ने अच्छी भूमिका निभाई है। आगे भी इसी तरह की सक्रियता व सख्ती की जरूरत है। डीआईजी ने लॉकडाउन का पालन कराने में पुलिस कर्मियों को आम लोगों व सामाजिक व धार्मिक संगठनों की तरफ से मिल रहे सहयोग के लिए आभार भी जताया।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि जनपद के सभी एसडीएम गेहूं क्रय केंद्र पर हर समय निगरानी रख रहे हैं। सभी को निर्देश दिया गया है कि किसानों को गेहूं बेचने में कोई दिक्कत न हो तथा उन्हें क्रय केंद्र पर भीड़ का सामना न करना पड़े, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। सीएमओ को भी निर्देश दिया गया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में कहीं कोई ढिलाई न बरती जाए।
एसपी विनोद कुमार मिश्रा ने मुस्लिम धर्मगुरुओं से अपील की कि मस्जिद में लगे लाउडस्पीकर से कोरोना वायरस से बचने के उपाय तथा सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन के पालन के लिए प्रेरित किया जाए तो इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा।
इस दौरान एसडीएम कप्तानगंज अरविंद कुमार, एसडीएम पडरौना रामकेश यादव, एसडीएम कसया देश दीपक सिंह, सीओ कसया नितेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता, जिला आबकारी अधिकारी राजवीर सिंह, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, तहसीलदार अहमद फरीद खान, एसओ कप्तानगंज ज्ञानेंद्र कुमार राय, सप्लाई इंस्पेक्टर दुर्गादत्त, ईओ संध्या मिश्रा, ईओ रामकोला अम्बरीष कुमार सिंह, मुस्लिम धर्मगुरू मोहम्मद कायम, सादिक, मेंहदी हसन, नोरुदीन, सरफराज, मोहम्मद साकिर अली, निसाद, जावेद अख्तर आदि मौजूद रहे।
मंडलायुक्त ने सचिव को लगाई फटकार
अहिरौली बाजार। विकास खण्ड कप्तानगंज के ग्राम घोड़ादेउर में स्थित साधन सहकारी समिति पर संचालित गेहूं क्रय केंद्र का बृहस्पतिवार को कमिश्नर जयंती नार्लिकर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद में तेजी लाने ओर किसानों के समस्याओं के समाधान करने के लिए निर्देशित किया।
कमिश्नर ने क्रय केंद्र पर पहुंचकर सचिव शेषमणि सिंह से जानकारी ली। सचिव ने बताया कि अब तक छह किसानों से 150 क्विंटल गेहूं की खरीद हो पाई है। इस दौरान केंद्र पर मौजूद किसान सोनू सिंह ने कमिश्नर से शिकायत करते हुए कहा कि किसानों से 40 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन लिया जा रहा है। कमिश्नर ने सचिव को फटकार लगाई और कार्रवाई का निर्देश दिया। कमिश्नर ने सचिव को हिदायत दी कि किसानों को गेहूं तौल की पर्ची दी जाए। उन्होंने अफसरों से सभी क्रय केंद्रों पर साबुन और सैनिटाइजर की व्यवस्था कराने का भी निर्देश दिया।