21 से 23 तारीख के बीच ही शिक्षक कर सकेंगे उपस्थिति लॉक
- मानव संपदा पोर्टल के पेरोल माड्यूल में हुआ बदलाव
- शिक्षकों को समय से वेतन भुगतान करने के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शिक्षकों को समय से वेतन भुगतान करने के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने वित्त एवं लेखाधिकारी( बेसिक) और बीईओ के नाम पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने कहा है कि हर हाल में महीने के 29 तारीख तक वेतन बिल कोषागार में भेज दिया जाए, जिससे तय समय पर ही शिक्षकों को वेतन भुगतान किया जा सके।
जिले में 2,464 परिषदीय विद्यालय संचालित होते हैं। इसमें करीब दस हजार शिक्षक तैनात हैं। सभी शिक्षक मानव संपदा पोर्टल पर 21 से 25 तक अपनी उपस्थिति लॉक करते थे। इससे अन्य प्रक्रिया पूरी करने में वेतन की धनराशि शिक्षकों को भेजने में देरी होती थी। इसको देखते हुए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की तरफ से जारी पत्र में मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति लॉक करने की नई समय सारणी जारी की है।
अब माह के 21 से 23 तारीख तक विद्यालय स्तर से शिक्षकों व कर्मचारियों की उपस्थिति लॉक की जा सकेगी। इसके बाद बीआरसी स्तर से 24 से 25 तारीख तक वेतन बिल बनाकर उसे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में भेजना होगा। पहले 26 से 28 तारीख तक बीआरसी स्तर से वेतन बिल भेजने की छूट थी। वहीं, वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में 26 से 29 तारीख के बीच शिक्षकों का वेतन बिल कोषागार में अग्रसारित करना होगा।
इस संबंध में बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या ने बताया कि मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति लॉक करने के लिए तिथि में परिवर्तन किया गया है। निर्धारित तिथि के अनुसार उपस्थिति की लॉक करने का निर्देश दे दिया गया है।