खड्डा। गंडक नदी से हो रहे अवैध बालू खनन से बंधे को क्षति पहुंचने की सूचना पर बुधवार को एसडीएम पहुंचे। उन्होंने पुलिस व खनन विभाग के जिम्मेदारों को मौके पर बुलाकर उन पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने राजस्व टीम से खनन स्थल की पैमाइश कराकर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी। उन्होंने तहसीलदार की अगुवाई में जांच कमेटी गठित कर दी है।
खड्डा क्षेत्र के मदनपुर और सिसई दधिचि गांव के सामने बड़ी गंडक नदी से बांध के सटे ही अवैध रूप से बालू खनन किया जा रहा है। इसके बाद प्रति ट्राली ढाई हजार रुपये वसूली करने की लगातार सूचना मिलती रहती है। बुधवार को एसडीएम खड्डा अरविंद कुमार को सिसवा गोपाल निवासी विजय पासवान से मोबाइल पर सूचना दी। इसके बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बालू खनन कराने वालों को इसकी भनक लग गई। वहां से ट्रैक्टर ट्राली लेकर भाग निकले।
एसडीएम खड्डा पुलिस व खनन इंसपेक्टर के साथ पहुंचे। एसडीएम ने वहां राजस्व टीम बनाकर उन गड्ढों की पैमाइश कराकर गाटा संख्या की जानकारी ली, जिसमें चार गाटा की जानकारी मिली। मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ प्रभावशाली व्यक्ति बांध के किनारे से खनन करा रहे हैं। इसमें सरकारी और गैरसरकारी लोग भी शामिल हैं। खड्डा मंदिर की आड़ में भी प्रति ट्राली डेढ़ सौ रुपये की अवैध वसूली की बात सामने आई।
एसडीएम ने बताया कि अवैध खननस्थल की पैमाइश कराई गई है। जिन काश्तकारों ने खेत से बिना परमिशन बालू खनन कराया है, उनके तथा खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाकर रिपोर्ट मांगी गई है। इसमें जिसकी भी संलिप्तता मिलेगी, उससे राजस्व वसूली के साथ वैधानिक कार्रवाई होगी।