संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के मगहर स्थित काजीपुर चौराहे पर दुकान के सामने बाइक खड़ी करने से मना करने पर मनबढ़ों ने दुकान में घुसकर उत्पात मचाया। दुकानदार व अन्य के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले में शिकायत मिलने पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई में शुरू कर दी है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित मोहम्मद खलीक ने बताया कि उनका काजीपुर मगहर चौराहा पर जयपुरी कुर्ती के नाम से कपड़े की दुकान है। 12 मार्च को शाम करीब 7:30 बजे उनकी दुकान के सामने बीच रास्ते में वीरेंद्र उर्फ नाते निवासी मोहनलालपुर बाइक खड़ी कर रहा था। उन्होंने मना किया तो वह नाराज होकर गालियां देने लगा। साथ ही अपने साथियों अरविंद निषाद, मुकेश उर्फ मुक्कू निषाद और गोलू निवासी मोहनलालपुर मगहर को फोन करके बुला लिया।
यह लोग गोलबंद होकर गालियां देते हुए दुकान में घुस आए और उनका कालर पकड़कर पटक दिया और मारने पीटने लगे। दुकान पर मौजूद उनके बेटे मोहम्मद तौफीक को भी मारापीटा। दुकान पर मौजूद कर्मचारी मोहम्मद अयान के साथ धक्का-मुक्की की। घटना देखकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर बीच-बचाव किया।
कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।