- धुआंटीकर से रामकोला आ रहे बाइकसवारों के साथ हुई दुर्घटना
- मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लिया
रामकोला। थाना क्षेत्र के धुआंटीकर गांव के निवासी बाइकसवार तीन युवकों को रविवार की शाम तकरीबन साढ़े सात बजे ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामकोला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनकी हालत चिंताजनक बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यह हादसा रामकोला केन यूनियन के पास हुआ।
रामकोला थाना क्षेत्र के धुआंटीकर गांव निवासी मंतोष कुमार 18 वर्ष, मनीष 19 वर्ष और मनोज 18 वर्ष एक ही बाइक से अपने घर से रामकोला किसी काम से आ रहे थे। रामकोला कस्बे के केन यूनियन के पास पहुंचे थे, तभी चीनी मिल पर गन्ना गिराकर अपने घर जा रहे ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हे रामकोला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मंतोष को मृत घोषित कर दिया। मनीष और मनोज की गंभीर स्थिति देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा। बाइकसवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
0000
24 घंटे में चार बाइकसवारों की मौत, नहीं पहने थे हेलमेट
पडरौना। यातायात माह चल रहा है, फिर भी लोग बाइक की सवारी करते समय हेलमेट नहीं लगा रहे हैं। ऐसे में दुर्घटना होने पर हेडइंजरी होने के कारण घायलों की मौैत हो जा रही है। 24 घंटे के भीतर बाइकसवार चार ऐसे युवकों की मौत हुई है, जिन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था।
शनिवार की देर शाम नेबुआ नौरंगिय थाना क्षेत्र के खानूछपरा गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से तीन रिश्तेदारों की मौत हो गई थी। अभी इस घटना को 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि रामकोला में बाइकसवार तीन युवकाें को ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रामकोला सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। इससे पहले शुक्रवार की रात तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गोड़इता श्रीराम गांव के पास बाइकसवार एक युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया था, जिससे उसकी भी मौत हो गई। बिहार निवासी उस युवक ने भी हेलमेट नहीं पहना था।