रामकोला। थाना क्षेत्र के टेकुआटार बड़हरिया टोला से दो दिन से तीन किशोर गायब है। पुलिस इस मामले में मंगलवार की शाम को गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। तीनों किशोर घर से खेलने के लिए निकले थे, घर वालों ने अनहोनी की आशंका जताई है। रिश्तेदारों के घर परिजन तलाश किए हैं। टेकुआटार गांव के बड़हरिया टोला निवासी मनोज मद्देशिया रामकोला थाने में पड़ोसियों के साथ पहुंचे, पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मेरा बेटा हिमांशु (13), गांव के अन्य दो लड़के निलेश (15) व रोहित (14), दिनांक 24 अगस्त को समय 12 बजे दिन में घर से खेलने के घर से रोज की तरह निकले थे,लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजन तलाश करने लगे, रिश्तेदारों के घर पहुंचे और गांव मेंं तलाश करने के बाद किशोरों का पता नहीं चला।
मंगलवार की शाम को मनोज रामकोला थाने पहुंचकर पूरी बात बताई और तहरीर दिया। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर लापता किशोरों की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राज प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। बच्चों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। गांव बाहर लगे सीसी टीवी कैमरों का फुटेज भी देखा जा रहा है।