मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों की बृहस्पतिवार को डीपीआरओ ने जांच की। इस दौरान लापरवाही मिलने पर उन्होंने तीन सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। आरआरसी भवन निर्माण में अनियमितता मिलने पर तीन सचिवों को नोटिस देकर सात दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
डीपीआरओ अभय यादव सबसे पहले मनिकौरा गांव पहुंचे। गांव में चार सफाई कर्मचारियों की तैनाती होने के बाद भी गंदगी मिली। जांच में पाया कि सफाई कर्मचारी उदयभान प्रसाद, योगेंद्र यादव और अनारी देवी बिना बताए ड्यूटी से अनुपस्थित हैं। डीपीआरओ ने तीनों सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। इसी गांव में आरआरसी सेंटर के निर्माण में दोयम दर्जे की ईट का इस्तेमाल पाया गया। इस पर डीपीआरओ ने ग्राम प्रधान और सचिव पर नाराजगी जताते हुए खराब ईंट को वापस कराने और कार्य रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद डीपीआरओ पड़री पिपरपाती गांव पहुंचे।
वहां भी आरआरसी सेंटर निर्माण में दोयम दर्जे के ईंट का प्रयोग होते मिला। डीपीआरओ ने नाराजगी जताते हुए खराब ईंटों को वापस करने और कार्य को रोकने के निर्देश दिए। कार्य में अनियमितता मिलने पर डीपीआरओ ने मनिकौरा और पड़री पिपरपाती गांव के सचिव रविशंकर कन्नौजिया के विरुद्ध नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर उनका जवाब मांगा। अंत में वह हिरनही गांव पहुंचे। वहां आरआरसी सेंटर का निर्माण पूर्ण मिला, लेकिन कूड़ा प्रबंधन की कार्यवाही शुरू नहीं होने पर गांव के सचिव कमलेश गुप्त को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा। इस पूरी कार्रवाई की जानकारी डीपीआरओ ने दी।