जिला अस्पताल परिसर मेें बनेगा तीन मंजिला कोविड अस्पताल
42 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में फिजियोथेरेपी कक्ष के बगल में होगा निर्माण
कुशीनगर। जिला संयुक्त अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है। इसी क्रम में कोविड मरीजों के लिए अलग से अस्पताल बनाने की शासन से स्वीकृति मिल गई है। यह अस्पताल जिला संयुक्त अस्पताल परिसर में फिजियोथेरेपी कक्ष के बगल बनेगा। इसमें 12 बेड पर आईसीयू की सुविधा होगी। वेंटिलेटर भी होगा। इसके अलावा 30 बेड का एक अलग वार्ड बनेगा। इसमें भी प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा रहेगी।
कोरोना महामारी के दौरान जनपद में विकट स्थिति रही। कोरोना संक्रमितों को भर्ती करने के लिए पहली लहर में लक्ष्मीपुर स्थित एक विद्यालय को अधिकृत करना पड़ा था। इसके अलावा जिला अस्पताल परिसर स्थित 100 बेड के एमसीएच (मैटर्निटी एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग को कोविड हॉस्पिटल (एल-2) में तब्दील कर दिया गया था। कसया क्षेत्र की सपहां सीएचसी में भी कोविड के मरीज भर्ती किए जाते थे। यही स्थिति दूसरी लहर में भी रही। उस समय एमसीएच विंग में काफी संख्या में कोरोना संक्रमित भर्ती किए गए थे। तीसरी लहर में भी लोग संक्रमित हुए। इस साल भी जनपद में चार लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इसे देखते हुए शासन ने कोरोना संक्रमितों के उपचार और भर्ती करने के लिए अलग से कोविड अस्पताल बनाने का निर्णय लिया है।
जिला संयुक्त अस्पताल परिसर में ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण होने तथा ऑक्सीजन प्लांट लग जान से जगह की कमी हो गई है। इसलिए 42 हजार वर्गफीट में कोविड अस्पताल का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए फिजियोथेरेपी कक्ष के बगल में जगह चिह्नित की गई है। वहां कोविड अस्पताल के लिए तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा।
...
आईसीयू 12 बेड का तो दूसरा वार्ड 30 बेड का होगा
कोविड अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। भवन बन जाने के बाद कोरोना संक्रमितों के लिए 12 बेड का आईसीयू बनेगा। 30 बेड का अलग एक वार्ड होगा। इसमें भी प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था रहेगी।
...
कोट
कोविड अस्पताल निर्माण की शासन से स्वीकृति मिल गई है। 42 हजार वर्गफीट में इसका निर्माण होगा। यह तीन मंजिला बनेगा। इसके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। इसमें 12 बेड का आईसीयू और 30 बेड का वार्ड बनेगा।
डॉ. एसके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला संयुक्त चिकित्सालय