तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित बनवरिया के समीप एक ही लेन पर विपरीत दिशा आ रहे मैजिक वाहन की चपेट में आने से स्कूल जा रहे बाइक सवार एक युवक सहित तीन बच्चे घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी तमकुहीराज भेजा गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया गया।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गाजीपुर बैरियर टोला निवासी सुरेंद्र यादव के परिवार के एक युवक सहित तीन बच्चे मंझरिया स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ते हैं।बृहस्पतिवार को सुबह करीब नौ बजे हाईवे के रास्ते अजय यादव पुत्र सुरेंद्र यादव (18) मंझरिया स्थित निजी विद्यालय में पढ़ने वाले अपने परिवार के अंजली यादव पुत्री सुभाष (12)व परी यादव पुत्री महेश यादव (7) को बाइक से पहुंचाने जा रहा था। युवक बच्चों को पहुंचाने के बाद खुद गाजीपुर स्थित इंटर कॉलेज में पढ़ने जाता। बाइक सवार तीनों बच्चे तमकुहीराज थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित बनवरिया के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान तेज गति से एक मैजिक वाहन गलत लेन में विपरीत दिशा से आ रहा था और अनियंत्रित हो बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर के कारण बाइक सवार तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना की बच्चों के परिजनों को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर आए परिजनों ने युवक सहित तीनों बच्चों को इलाज के लिए सीएचसी तमकुहीराज पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल तीनों बच्चों को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष तमकुहीराज सुनील कुमार वर्मा ने बताया दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस के कब्जे में हैं। तहरीर के आधार पर आगे कि कार्रवाई की जाएगी।