पडरौना। जिले के तीन खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता 28 से 31 अक्तूबर तक अलीगढ़ में आयोजित की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों में देवदीप सिंह, आरुष चौरसिया और आदित्य यादव शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है।
उप क्रीड़ाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए गोरखपुर मंडल की 12 सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें कुशीनगर के तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है। टीम में गोरखपुर के पांच और देवरिया के चार खिलाड़ी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। जिले के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।