जिले में तीन स्थानों पर बनाई गई अस्थाई जेल
पडरौना। अयोध्या मुद्दे पर शनिवार को आ रहे फैसले पर प्रशासन पूरी तरह से सजग है। जिले में पडरौना, कसया व तमकुहीराज में अस्थाई जेल के लिए जगह चिह्नित की गई है। इसके अलावा सभी पुलिस कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है।
अयोध्या प्रकरण पर शनिवार को फैसला आने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अपनी तरफ से पूरी चौकसी बरतनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में दैनिक परेड के दौरान ही आपात स्थिति से निबटने के लिए मॉक ड्रिल कराया गया। देर शाम एसपी विनोद कुमार मिश्र ने सभी थानेदारों से वार्ता कर उनके इलाके के हालात की जानकारी ली। एसपी ने पुलिस कर्मियों को छोटी-छोटी घटनाओं पर भी संवेदनशीलता बरतने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में एसपी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि जिले में पहले से ही अभियान चलाकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा गया है। फिर भी एहतियात के तौर पर पडरौना, कसया व तमकुहीराज में अस्थाई जेल व राहत शिविर के लिए जगह चिन्हित किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करें। पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निबटा जाएगा।