मथौली। कप्तानगंज की ओर जा रहे ई-रिक्शा में रविवार दोपहर करीब दो बजे मथौली नगर पंचायत स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
मथौली बाजार निवासी ई-रिक्शा चालक विद्यानिवास पांडेय चार सवारियों को लेकर कप्तानगंज से हाटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में सीमा (30) और सरोज देवी (45), निवासी मथौली बाजार सिरसिया, तथा अनूप (17), निवासी हरपुर बरवा, थाना कप्तानगंज घायल हो गए।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मथौली पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।