तमकुहीरोड। गोरखपुर में कमिशनिंग व दोहरीकरण कार्य को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा लिए गए ब्लाक के चलते कप्तानगंज थावे रूट पर नियमित चलने वाली छह जोड़ी ट्रेनों में तीन जोड़ी ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं।
इससे इस रूट के यात्रियों की परेशानी बढ़ने के साथ स्टेशनों पर चहल पहल भी घट गई है। लोगों का कहना है कि ट्रेनें इस क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफ लाइन हैं। ऐसे में जब तक सभी ट्रेनों का संचालन नियमित नहीं होता है, तब तक लोगों की दिक्कतें कम नहीं होगी।
कप्तानगंज थावे रेलमार्ग पर नियमित गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस, गोरखपुर-पाटलीपुत्र मेल पैसेंजर, सिवान-नकहा जंगल पैसेंजर, गोरखपुर कैंट-सिवान पैसेंजर दो जोड़ी थावे-कप्तानगंज पैसेंजर ट्रेन सहित छह जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है, लेकिन गोरखपुर-डोमिनगढ़ के बीच चार किलोमीटर थर्ड लाइन के कमिशनिंग और गोरखपुर - नकहा जंगल के बीच पांच किलोमीटर दोहरीकरण कार्य को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा इस रूट पर ब्लाक लिया गया है।
जिसके चलते 75105/ 75106 सिवान-नकहा जंगल डेमू पैसेंजर ट्रेन का संचालन 30 सितंबर तक के लिए, 55035/55036 सिवान-गोरखपुर कैंट पैसेंजर ट्रेन को 29 सितंबर तक के लिए तो 15079/15080 गोरखपुर-पाटलीपुत्र मेल पैसेंजर ट्रेन को 29 सितंबर तक के लिए निरस्त कर दिया गया है।
एक साथ तीन ट्रेनों के निरस्त कर दिए जाने से यात्रियों की सिवान, गोरखपुर व बिहार की राजधानी तक की यात्रा की राह मुश्किल हो गई है। क्षेत्र के नीरज वर्मा, सिद्धार्थ सोनी, प्रभात मिश्र, मनीष रौनियार, ध्रुव निषाद ने कहा कि त्यौहारी सीजन में एक साथ तीन ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।