कुशीनगर/हाटा। शुक्रवार की भोर में हाटा-देवरिया मार्ग पर पटना मिश्रौली में राइस मिल के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इसमें तीन बदमाशों को गोली लगी है। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक पर 50 हजार और दूसरे पर 25 हजार रुपये का इनाम था। इन दोनों पर क्रमश: 26 और आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को इनके पास से एक पिकअप, तीन तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। गोली लगने से घायल तीनों बदमाशों को पुलिस ने हाटा सीएचसी पहुुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि हाटा के कोतवाल राज प्रकाश सिंह, साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पंत और कप्तानगंज के थानाध्यक्ष राजकुमार बरवार की संयुक्त टीम ने इन तीनों बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। उन्हें सूचना मिली थी कि बदमाश देवरिया की ओर से हाटा की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने हाटा-देवरिया मार्ग पर पटना मिश्रौली में राइस मिल के पास घेराबंदी की थी। वहां भोर में करीब चार बजे मुठभेड़ हुई। तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार बदमाशों का नाम जफरूद्दीन निवासी सोहसा पट्टी गौसी थाना कसया पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ कुशीनगर, गोरखपुर, महराजगंज, श्रावस्ती सहित अन्य जनपदों में 26 मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे बदमाश वाहिद रजा उर्फ मोनू शेख निवासी लाला गुरवलिया थाना तुर्कपट्टी पर 25 हजार रुपये का इनाम है तथा उसके खिलाफ गोरखपुर जनपद के विभिन्न थानों में गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज हैं। तीसरे बदमाश मुस्तफा अली निवासी नरहवा थाना गोपालपुर, जिला गोपालगंज बिहार पर तरयासुजान थाने में केस दर्ज है।