कसया। नगर के नहर बाईपास मार्ग स्थित गैस गोदाम के समीप मंगलवार को दो बाइक की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेज कार्रवाई में जुट गई।
नगर पालिका परिषद के परसौनी निवासी सद्दाम हुसैन (32) अपने बेटे साजिद अली (12) के साथ घर से कसया बाइक से जा रहे थे। गैस गोदाम के पास नटवलिया निवासी अभय प्रताप राव की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में सद्दाम को मामूली चोटें आईं। उनके बेटे साजिद के पैर में गंभीर चोट लग गई, वहीं अभय प्रताप भी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से सद्दाम और उनके बेटे को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अभय प्रताप को एंबुलेंस से कसया सीएचसी भेजा गया। कसया एसएचओ अमित शर्मा ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।