बेहतर प्रदर्शन के लिए स्टेडियम में शुरू की तैयारी, प्रशिक्षकों की देखरेख में सीख रहीं कुश्ती के दांव-पेंच
पडरौना। जिले की तीन महिला खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए तीनों ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला स्टेडियम में प्रशिक्षकों की देखरेख में उन्हें कुश्ती के दांव-पेंच सिखाए जा रहे हैं। अभ्यास के दौरान उनकी तकनीक, फुर्ती और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उपक्रीड़ाधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिले की वर्षा सिंह, आईस प्रजापति और प्रिया कुशवाहा का चयन हुआ है। प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला होने की संभावना को देखते हुए तीनों खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर रही हैं।
स्टेडियम में प्रशिक्षक उन्हें प्रतिद्वंद्वी को चित करने के अलग-अलग दांव सिखा रहे हैं। साथ ही मुकाबले के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने और सही समय पर दांव लगाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।