सेवरही (कुशीनगर)। सेवरही थाना पुलिस ने रविवार को चोरी की घटना का पर्दाफाश किया। दो बाइक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरों के पास से नेपाली करेंसी भी मिली है। पुलिस ने 41,430 रुपये की भारतीय नकदी, 730 रुपये नेपाली करेंसी तथा चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, तीन स्मार्ट मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की है। सेवरही पुलिस ने रविवार को चोरी की बाइक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी शातिर चोर हैं।
बाइक चोरी कर यूपी, बिहार के अलावा नेपाल तक ले जाकर बेचते हैं। पुलिस ने इनकी पहचान शामली जिले के थाना कैराना क्षेत्र के सफा कॉलोनी वार्ड नंबर पांच निवासी राकिब, नदीम और मौसम के रूप में की है। पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर अन्य वारदातों में भी इनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से दो आधार कार्ड की छायाप्रति भी बरामद हुई है। नेपाली करेंसी मिलने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि गिरोह का संपर्क सीमावर्ती क्षेत्रों तक हो सकता है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क का पता लगा रही है। संवाद