अहिरौली बाजार। संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को मृतका की मां की तहरीर पर दहेज हत्या समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव खुरहुरिया निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी मुस्कान देवी की मौत रविवार को सुबह करीब आठ बजे हो गई थी। मुस्कान की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां मीरा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर पांच नामजद व तीन अन्य के विरुद्ध दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार को मृतका के पति जितेंद्र कुमार व देवर दीपक और सास सुमित्रा को उनके घर से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भिजवा दिया गया। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।