खड्डा। हाॅर्न बजाने और ट्रैक्टर से साइड लेने को लेकर मारपीट व चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घायल अजित यादव की हालत गंभीर बनी हुई है और वह गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
खड्डा थाना क्षेत्र के हथिया गांव निवासी छोटे लाल यादव तथा हनुमानगंज थाना क्षेत्र के जिंदाछपरा गांव निवासी अजित यादव रिश्ते में मामा-भांजा हैं। शनिवार देर शाम ट्रैक्टर से जा रहे थे। इसी दौरान खड्डा थाना क्षेत्र के भुजौली खुर्द गांव के पास साइड लेने और हार्न बजाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि भुजौली खुर्द गांव के कुछ लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की तथा चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। छोटे लाल की हालत में सुधार बताया जा रहा है, जबकि अजित यादव को गंभीर अवस्था में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उसके आंत में गंभीर चोट आई है। अजित के पिता की तहरीर पर खड्डा पुलिस ने रविवार देर रात भुजौली खुर्द निवासी खदेरू, छोटे लाल पुत्रगण महंगू तथा अब्बास अंसारी पुत्र आलमदीन के विरुद्ध हत्या के प्रयास और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया