संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के महुई गांव निवासी महिला ने एसपी को शिकायत पत्र सौंपकर जानकारी दी कि मुकदमा न उठाने पर विपक्षी जानमाल की धमकी दे रहे हैं। पूर्व में महिला के पति की हत्या को गई है। जेल से छूटने के बाद आरोपी उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
एसओ जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता सुमन निवासी महुई ने बताया कि आठ जून 2024 को शाम 6:00 बजे के आसपास जमीन विवाद में गांव के बोधनाथ, इंद्रजीत, गोरखनाथ, शेषनाथ, सत्या यादव व बेलाडीह थाना महुली निवासी पन्नेलाल ने उनके घर आकर पति को गोली मार दी। घटना देखकर बचाव में आए योगेंद्र, बजरंगी व धर्मदेव आदि को जान से मारने की नियत से लाठी-डंडा व तलवार आदि लेकर मार पीटकर घायल कर दिया।
इसके संबंध में उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय जा चुका है। मुकदमे में साक्ष्य की कार्रवाई चल रही है। इसी बीच मुकदमे के आरोपी जमानत पर छूट गए हैं। जिसके वजह से उनका मनोबल बढ़ गया है। मुकदमे में आरोपी सत्या यादव, पन्नेलाल, कुंवर प्रताप यादव, सोनू यादव जमानत होने की खुशी मना रहे हैं। परिवार वालों को हमेशा गाली व जानमाल की धमकी देते हैं। उसको व बेटे को हत्या की धमकी दे रहे हैं। कोतवाल ने बताया कि मामले में एसपी के आदेश पर उक्त आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।