सगी बहन पर हिस्सा हड़पने और मारने पीटने का आरोप लगाकर खड्डा तहसील समाधान दिवस पर पेट्रोल लेकर पहु
- फोटो : KUSHINAGAR
समाधान दिवस में पेट्रोल लेकर पहुंची बुजुर्ग, कार्रवाई नहीं होने पर जान देने की धमकी
बहन पर हिस्सा हड़पने,सामान चुराने, मारने-पीटने का लगाया आरोप
खड्डा। मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान खड्डा तहसील सभागार में बुजुर्ग महिला हाथ में पेट्रोल का बोतल लेकर पहुंची और सगी बहन पर हिस्सा हड़पने,सामान चुराने, मारने-पीटने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगी। कार्रवाई नहीं होने पर महिला ने पेट्रोल गिराकर खुद को आग के हवाले करने की धमकी देने लगी। इससे वहां मौजूद अफसर सकते में आ गए। किसी तरह से महिला को समझा बुझाकर शांत कराया गया और उसकी शिकायत पर जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
मंगलवार को सीडीओ आनंद कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित था। खड्डा कस्बे की भोला देवी (80) पत्नी मंगल पहुंची। उसके हाथ में पेट्रोल से भरा बोतल था। महिला ने अफसरों से अपनी पीड़ा सुनाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। बुजुर्ग ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर बोतल का पेट्रोल गिराकर आग लगाने की चेतावनी दी तो वहां मौजूद अफसर व पुलिसकर्मी सन्न रह गए। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाते हुए उसके हाथ से बोतल छीन लिया। महिला का आरोप था कि उसकी सगी बहन ने घर का कीमती सामान चुरा लिया है और जमीन पर जबरदस्ती कब्जा कर रही है। बुजुर्ग महिला का कहना था कि उसने सड़क किनारे की एक दुकान से पेट्रोल खरीदा है और खुद को जलाने के लिए यहां लेकर आई थी। सीडीओ आनंद कुमार व अन्य अफसरों ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया। अफसरों ने महिला को मिठाई खिलाकर व चाय पिलाकर शांत कराते हुए घर भेजा।
इस संबंध में तहसीलदार एसके राय का कहना है कि महिला के हाथ से पेट्रोल का बोतल लेकर शांत कराया गया। उसकी शिकायत को गंभीरता से सुना गया और जांच के लिए संबंधित राजस्व कर्मी को भी निर्देशित किया गया है। अगर महिला की शिकायत सही होगी तो उसे न्याय जरूर दिलाया जाएगा।