कसया। शनिवार की रात कसया में दो दुकानों का शटर तोड़कर चोर नकदी और सामान उठा ले गए। लगातार हो रही चोरी से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। पीड़ित दुकानदारों ने तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शनिवार की रात वार्ड 24 सुभाष नगर के गोला बाजार में प्रमोद शर्मा की मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर कीमती मोबाइल सेट व 13 हजार रुपये नकदी उठा ले गए। दुकान में हुई चोरी की जानकारी रविवार की सुबह हुई। वहीं दूसरी घटना ओवरब्रिज स्थित गोविंद सिंह की किराने की दुकान की है। यहां भी दुकान का शटर तोड़कर चोर कैश बाक्स में रखे 15 हजार रुपये नकदी उठा ले गए। हालांकि दुकान में रखे सामान नहीं ले गए हैं। पुलिस ने दुकान में लगी सीसीटीवी कैमरा के फुटेज के जरिए घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फुटेेज में चोरी के दौरान दुकानों के सामने एक मालवाहक के बगल में कुछ लोग खड़े होकर बातचीत करते दिख रहे हैं। एक ही रात नगर के दो दुकानों में हुई चोरी की वारदात से अन्य व्यापारी डरे हुए हैं।
रविवार की सुबह कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी समेत कई लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर इसकी जानकारी ली। इस संबंध में एसओ विनय कुमार पाठक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।