खड्डा। थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर गोनहा के चौरसिया टोला निवासी सैन्यकर्मी के घर में सोमवार रात जेवर सहित तमाम कीमती सामान चोरी हो गया। प्रथमदृष्ट्या लग रहा है कि रोशनदान के रास्ते घुसे चोरों ने जवान व इनके बहन के शादी की लिए रखे आभूषण तथा अन्य सामान लेकर चंपत हाे गए। खाली डिब्बा व बाक्स रास्ते में पाया गया। पुलिस ने पहुंच कर छानबीन की।
खड्डा निवासी राजन कुशवाहा सेना में तैनात हैं। घर पर इनकी मां व बड़े भाई श्यामसुंदर कुशवाहा तथा अन्य परिजन मौजूद थे। घर वालों के मुताबिक सोमवार की रात्रि में सभी घर वाले सो रहे थे , इसी बीच रोशनदान के रास्ते चोर घुसे और श्यामसुंदर के कमरे को बाहर से बंद कर दिए।
एक कमरे रखा बाक्स आदि खोल कर सोने चांदी के आभूषण व नये कपड़े तथा अन्य कीमती सामान निकाल लिए। जंगले के तार की जाली काटकर भाग गये। लघुशंका के लिए उठे श्यामसुंदर तो कमरा बाहर से बंद था। इस पर शोर मचाया तो घर वाले जगे। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। मंगलवार की सुबह घर से डेढ़ किलोमीटर दूर सरेह में बाक्स पड़ा मिला।
परिवार के लोगों ने बताया कि सेना में तैनात राजन कुशवाहा व उनकी बहन की शादी मार्च में होने वाली है। इसके लिए पहले से खरीदारी चल रही थी। इसी बीच यह वारदात होने से पूरे गांव के लोग सकते में हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छानबीन शुरू कर दिया है।