पटहेरवा। क्षेत्र के महुअवा गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीसीएम खड़ा कर चालक केबिन में सो गया। इस दौरान चोर डीसीएम पर लगा तिरपाल काट कर उसपर लदा 27 डिब्बा रिफाइन उठा ले गए। चालक ने डॉयल 112 को सूचना दिया। सूचना पर आई पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। देवरिया के बड़वा टोला थाना सलेमपुर निवासी जितेंद्र यादव ने बताया कि गोरखपुर से रिफाइन लेकर तमकुही जा रहे थे। रास्ते में नींद आने लगी तो महुअवा गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीसीएम खड़ा कर केबिन में सो गए। जब नींद खुली तो देखा तिरपाल कटी है। तिरपाल हटाया तो उसमें से 27 डिब्बा रिफाइन गायब था। प्रति डिब्बे में एक-एक लीटर का 15 बोतल रिफाइन था। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। पेट्रोल पंप समेत अन्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है।