कुशीनगर जिले में हाटा के पैकौली लाला गांव में सोमवार की रात चोरी करने गए चोरों ने प्रधान के भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल प्रधान के भाई का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना से पूरे गांव में रात भर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल किया। मंगलवार सुबह हाटा के प्रभारी निरीक्षक और सीओ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
हाटा के पैकौली लाला गांव में मंगलवार की रात ग्राम प्रधान के दरवाजे पर छठ पूजा के बाद भंडारा था। बगल के रहने वाले उदयभान चौहान का परिवार भी मौजूद था। आधी रात कार्यक्रम समाप्त होने पर सभी लोग अपने घर चले गए। उदयभान चौहान अपने बंचरा स्थित दुकान चले गए और उनके घर के सदस्य गांव में अपने घर गए।
आधी रात को उदयभान के पड़ोसी ग्राम प्रधान के भाई प्रेम की नींद खुल गई। उन्होंने घर के पास कुछ संदिग्ध लोग दिखे। चोर होने का शक हुआ तो छत से नीचे आकर शोर मचाने लगे। शोर मचाता देख चोरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। खून से लथपथ होकर प्रेम वहीं गिर गए। मौका मिलते ही चोर वहां से भाग निकले। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग जुट गए।